अलीगढ़/ शब्द डेस्क
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी के लोग दावा करते थे कि रुपए और डॉलर की कीमत को बराबर कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उल्टा, सोना और महंगा हो गया। ये लोग सोने की कीमत तक को नियंत्रित नहीं कर पाए। उन्होंने आगे कहा कि पहले जिस तरह सेना में भर्तियां होती थीं, अब वे भी कम हो गई हैं।
अपने भाषण में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पी-डी-ए का मतलब तक नहीं पता। उन्होंने जो फुल फॉर्म बताया, उसमें "एच" कहां से आ गया? अखिलेश ने कहा कि पी-डी-ए के नारे से अब उनके पेट में दर्द हो रहा है। अखिलेश ने इस दौरान नौकरियों, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर बीजेपी को घेरा और कहा कि उनके सारे वादे झूठे साबित हुए हैं। जनता उनकी सच्चाई जान चुकी है।
अखिलेश ने कहा कि जब से पी-डी-ए का नारा गूंज रहा है, तब से बीजेपी के लोग घबराए हुए हैं। उनके पास किसी भी सवाल का जवाब नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग संविधान के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकते। इनका संविधान में विश्वास नहीं है। ये सवाल करते हैं कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आरक्षण क्यों नहीं है? हम कहते हैं कि देश के सभी विश्वविद्यालयों में आरक्षण क्यों नहीं है? सच यह है कि पी-डी-ए परिवार के 15% लोग भी नौकरियां हासिल नहीं कर पा रहे हैं। बड़ी नौकरियों में भेदभाव हो रहा है। यह एक लंबी लड़ाई है, और हम संविधान को बचाने की कोशिश लगातार करते रहेंगे।
अखिलेश ने कहा कि एन-डी-ए के लोग नकारात्मक सोच के हैं। एन का मतलब है "नकारात्मक", जबकि पी-डी-ए में "पी" सकारात्मक सोच वाले लोगों के लिए है। यही हमारा नारा है। हमने युवाओं को आगे बढ़ने के लिए लैपटॉप दिए, जो आज तक खराब नहीं हुए। इन लोगों ने हमारी नकल की और लैपटॉप को छोटा कर दिया। कपड़ों से कोई योगी नहीं बनता, विचारों से बनता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह कलियुग है, सब कुछ उल्टा-पुल्टा हो रहा है। साधु-संत भी ज्यादा बोलने लगे हैं। इसलिए जनता को सतर्क रहना होगा। ये लोग झूठ का सहारा लेते हैं। सरकार चलाने की जगह बुलडोजर चला रहे हैं।